




डिग्री कॉलेज हरदा की एनसीसी इकाई ने ग्वालियर में आयोजित ऑल इंडिया पर्वतारोहण शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस शिविर का आयोजन एनसीसी ग्वालियर ग्रुप द्वारा किया गया, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए कैडेट्स ने भाग लिया।
इस शिविर में मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, तमिलनाडु, गोवा, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के कुल 273 कैडेट्स शामिल हुए। हरदा से चयनित कैडेट्स ने भी इस प्रतिष्ठित शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कॉलेज के अधिकारी लेफ्टिनेंट कपिल कुमार दुबे के नेतृत्व में कैडेट्स ने शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान कैडेट्स को पर्वतारोहण से संबंधित बेसिक ट्रेनिंग दी गई, जिसमें पहाड़ों पर सुरक्षित चढ़ाई और उतराई के तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझाया गया।
शिविर में साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट के कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा कैडेट्स को ग्वालियर के ऐतिहासिक स्थलों जैसे ग्वालियर किला, ताजमहल, राजा मानसिंह महल, सूर्य मंदिर और चिड़ियाघर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया, जिससे उनके ज्ञान और अनुभव में वृद्धि हुई।
यह शिविर कैडेट्स के लिए न केवल साहसिक प्रशिक्षण का अवसर बना, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और अनुशासन को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ।